पीपल की जड़ों में बनी आकृति को हनुमान जी का स्वरूप मानकर पूज रहे लोग, दर्शनों के लिए उमड़ रही भीड़👇
मुरैना की दिमनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत जतवार का पुरा इन दिनों श्रद्धा और आस्था का केंद्र बन गया है। गांव में एक पुराने पीपल के पेड़ की जड़ों के बीच बनी प्राकृतिक आकृति को स्थानीय लोग भगवान हनुमान का स्वरूप मान रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पेड़ की जड़ों में उभरी आकृति का आकार हनुमान जी से मिलता-जुलता दिखाई देता है। जैसे ही लोगों की नजर इस पर पड़ी, वहां पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालु सिंदूर और फूलों से श्रृंगार कर प्रसाद अर्पित कर रहे हैं तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना कर रहे हैं।
दिनभर स्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है। कोई इसे दैवीय संकेत बता रहा है तो कोई अपनी अटूट आस्था का प्रतीक मानकर श्रद्धाभाव से नतमस्तक हो रहा है। फिलहाल गांव में इस प्राकृतिक आकृति को लेकर लोगों के बीच गहरी उत्सुकता और धार्मिक भावना का माहौल बना हुआ है।