
_नगरीय निकाय आम चुनाव-2026_
द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान दल चुनाव सामग्री लेकर रवाना
*नगर परिषद गंगापुर सिटी एवं नगर पालिका वजीरपुर एवं बामनवास में शुक्रवार को मतदान*
*सवाई माधोपुर, 10 सितम्बर।* राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। शुक्रवार 11 सितम्बर को गंगापुर सिटी, वजीरपुर और बामनवास निकायों में द्वितीय चरण के मतदान के लिए मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण एवं चुनाव सामग्री उपलब्ध करवाकर गुरूवार को संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम भी मतदान दलों के प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित रहे और उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। नगर परिषद गंगापुर सिटी के लिए मतदान कर्मी स्थानीय राजकीय स्नाŸाकोŸार महाविद्यालय से, नगर पालिका वजीरपुर के लिए राजकीय कन्या महाविद्यालय वजीरपुर एवं नगर पालिका बामनवास के मतदान कर्मी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बामनवास से अपने-अपने निर्धारित मतदान केन्द्रों पर पहुंचे और शुक्रवार सुबह मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी।
*द्वितीय चरण में तीनों नगरीय निकायों के 1 लाख 12 हजार से अधिक मतदाता 105 वार्डों के लिए 141 मतदान केन्द्रों पर करेंगे मतदान:-* नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए संबंधित तीनों नगरीय निकायों के 105 वार्डों के लिए कुल 141 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 1 लाख 12 हजार 155 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 59 हजार 123 पुरुष, 53 महिला 29 एवं 3 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
द्वितीय चरण में नगर परिषद गंगापुर सिटी के 60 वार्डों के लिए 96 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 89 हजार 229 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका वजीरपुर के 25 वार्डों के लिए 25 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 11 हजार 840 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पालिका बामनवास के 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 11086 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
*तीनों नगरीय निकाय में शुक्रवार को 507 प्रत्याशी चुनाव मैदान में:-* जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण में मतदान होने वाले नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका वजीरपुर एवं नगर पालिका बामनवास के 105 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 507 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें नगर परिषद गंगापुर सिटी 297, नगर पालिका वजीरपुर 115 और नगर पालिका बामनवास 95 प्रत्याशी चुनाव लडेंगे।
*रवानगी से पूर्व मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण:-* नगर परिषद गंगापुर सिटी के मतदान दलों की रवानगी से पूर्व राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय गंगापुर सिटी में आयोजित प्रशिक्षण में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी का कार्य है। सभी कार्मिक पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्भयता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम की स्थापना, मॉक पोल सहित निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी निर्धारित कार्य नियमानुसार पूर्ण किए जाएं।
*560 मतदान कार्मिकों की लगाई गई ड्यूटी:-* द्वितीय चरण के मतदान के लिए तीनों नगरीय निकायों में कुल 140 मतदान केन्द्रों पर मतदान कराने के लिए 560 मतदान कार्मिकों की नियुक्ति की गई है। इनमें 140 पीठासीन अधिकारी 140 प्रथम मतदान अधिकारी तथा 280 द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी शामिल हैं।
प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी के साथ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदान दलों को मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, मॉक पोल, मतदान अभिकर्ताओं की भूमिका, मतदाता पहचान एवं अन्य निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया है।
*सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा मतदान:-* जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि द्वितीय चरण के तहत 11 सितंबर को निर्धारित मतदान केन्द्रों पर प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान प्रारंभ होने से पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मॉक पोल करवाया जाएगा तथा उसके पश्चात मतदान शुरू किया जाएगा।
*संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी:-* स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील 42 मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यकतानुसार अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही 20 जोनल मजिस्ट्रेट एवं 15 पुलिस मोबाइल पार्टियों को तैनात किया गया है। 28 मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफर के माध्यम से निगरानी व्यवस्था की गई है। मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों से कहा कि वे किसी भी व्यक्ति का आतिथ्य स्वीकार नहीं करें तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूर्ण निष्पक्षता एवं तटस्थता बनाए रखें। मतदान दलों को निर्देशित किया गया कि वे मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री को निर्धारित संग्रहण केन्द्र पर सुरक्षित रूप से जमा करवाया जाए।