रानीगंज के दो लूटकांडों में फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
अररिया। रानीगंज थाना क्षेत्र में दर्ज दो लूटकांडों में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोनित कुमार उर्फ रोनित कुमार यादव (26 वर्ष), पिता अक्षय लाल यादव, निवासी बनमोतरा, थाना भरगामा, जिला अररिया के रूप में हुई है।
पुलिस कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रानीगंज थाना कांड संख्या 280/23, दिनांक 06 जुलाई 2023 तथा कांड संख्या 360/23, दिनांक 13 सितंबर 2023 में दर्ज लूट के मामलों में फरार चल रहा था। दोनों मामलों में भारतीय दंड विधान की धारा 392 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
छापेमारी दल में रानीगंज थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार तथा एसटीएफ पूर्णिया की टीम शामिल थी।