
नैनीताल पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद भी नहीं सुधर रहे 'थार के शहजादे', नियमों को दिखा रहे ठेंगा
हल्द्वानी/नैनीताल। जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार अभियान चला रही है। ओवरस्पीडिंग, हूटर, मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म और नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक अब भी कानून को हल्के में लेते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर में देर रात शहर की सड़कों पर दौड़ती एक थार दिखाई दे रही है। तस्वीर में वाहन के शीशों पर गहरे रंग की फिल्म नजर आ रही है, जबकि पीछे की ओर वाहन का पंजीकरण नंबर भी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। यदि वाहन पर ब्लैक फिल्म लगी है या नंबर प्लेट नियमों के अनुरूप नहीं है, तो यह मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन माना जा सकता है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नैनीताल पुलिस द्वारा पिछले कुछ समय से विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कुछ लोग न केवल अपनी बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डालते हुए नियमों को ताक पर रख रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनी रहे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि रात के समय शहर में घूमने वाले ऐसे वाहनों की जांच बढ़ाई जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
सवाल यही है कि आखिर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद कब सुधरेंगे सड़क पर कानून से ऊपर खुद को समझने वाले ये 'थार के शहजादे'?