
#महोबा - पुलिस स्मृति दिवस पर पुलिस ने अमर शहीद पुलिसकर्मियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि , शहीदों के अदम्य साहस एवं सर्वोच्च बलिदान को किया नमन ।
कर्तव्यपथ पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों की शहादत सदैव राष्ट्र को करती रहेगी प्रेरित - शशांक सिंह (S.P)
प्रत्येक वर्ष की भाँति आज 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस के अमर शहीद जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सुसज्जित गार्द द्वारा शोक सलामी देकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के संदेशों से उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया गया । विगत एक वर्ष में कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और वीरता का स्मरण करते हुए उनकी शौर्यगाथा साझा की गई । इस दौरान वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके उस सर्वोच्च बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिसमें उन्होंने जनसामान्य की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था की रक्षा और राष्ट्र की सेवा को अपने जीवन से भी बढ़कर माना। इन वीर जवानों की शहादत हमें सदैव कर्तव्य के प्रति समर्पित रहने, साहस के साथ चुनौतियों का सामना करने और जनसेवा के संकल्प को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देती है। उनका त्याग और बलिदान पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा का अमिट अध्याय है, जिसे देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करता रहेगा ।
पुलिस स्मृति दिवस का ऐतिहासिक महत्व
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त कर रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों पर चीनी सैनिकों द्वारा घात लगाकर हमला किया गया था। इस हमले में सीआरपीएफ के 10 वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन अमर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
#mahoba #uppolice #highlight #police
Mahoba, Mahoba | Oct 21, 2026