
सोशल मीडिया पर लालच देकर युवक से 8,780 रूपये की ठगी, कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज
चूरू के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में रेडीमेड कपड़े खरीदने का लालच एक युवक को भारी पड़ गया। ठगों ने ऑनलाइन कपड़े बेचने का झांसा देकर युवक से 8,780 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस के साइबर डेस्क में दी है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड संख्या 28 निवासी 30 वर्षीय युवक ने सोशल मीडिया पर रेडीमेड कपड़ों का एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन में सस्ती व आकर्षक दरों पर विभिन्न प्रकार के कपड़े उपलब्ध होने का दावा किया गया था। युवक ने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद उसे कई कपड़ों की फोटो भेजी गई। युवक ने अपनी पसंद के कपड़े चयनित कर लिए। इसके बाद कथित विक्रेता ने भुगतान के लिए एक क्यूआर कोड भेजा। युवक ने बताए अनुसार 8,250 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। भुगतान होने के बाद आरोपी ने पार्सल भेजने के नाम पर 530 रुपये अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क भी जमा करवा लिए।
कुल 8,780 रुपये प्राप्त करने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया और कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद पीड़ित को खुद के साथ हुई ठगी का पता चला। कोतवाली थाना साइबर डेस्क प्रभारी सुनील कुमार धायल ने बताया कि सोशल मीडिया पर सस्ते सामान और आकर्षक ऑफरों के नाम पर साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को ऑनलाइन भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें तथा संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड पर सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर 1930 या पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं।
Churu, Churu | Aug 21, 2026