भानपुरा में बड़ी कार्रवाई: जहरीली शराब के साथ हथियार भी बरामद, 4 जिंदा कारतूस सहित आरोपी गिरफ्तार
भानपुरा। भानपुरा पुलिस ने अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 12 बोर देशी कट्टे और 4 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची जहरीली शराब भी बरामद की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 15,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर भैसोदा के पास आम रोड पर कार्रवाई की गई। यहां संदिग्ध रूप से मौजूद श्रीकिशन पिता तेजा कंजर, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम किशनपुरिया, जिला झालावाड़ राजस्थान को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 12 बोर का देशी कट्टा, 4 जिंदा कारतूस और 5 लीटर अवैध कच्ची शराब मिली।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के निर्देशन में की गई।