
चार वर्षीय बालिका हत्याकांड का खुलासा, ग्राम प्रधान चुनाव की रंजिश में रची गई थी साजिश
कासगंज। थाना गंजडुण्डवारा क्षेत्र के ग्राम बहारपुर में चार वर्षीय बालिका की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड कमलेश शाक्य को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 2021 के ग्राम प्रधान चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कमलेश शाक्य की वादी पक्ष के परिवार से लंबे समय से चुनावी रंजिश चली आ रही थी। अपने प्रभाव और दबदबे को बनाए रखने के उद्देश्य से उसने सह-अभियुक्त अजय के साथ मिलकर साजिश रची और वादी की चार वर्षीय पुत्री का अपहरण कर उसकी हत्या करा दी।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। मामले में थाना गंजडुण्डवारा में संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार सह-अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी पटियाली के नेतृत्व में थाना गंजडुण्डवारा पुलिस टीम ने इस चर्चित मामले का खुलासा किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उपनिरीक्षक डिप्टी सिंह, पुत्तू सिंह, नरेन्द्रपाल सिंह, तेजवीर सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।