
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन से बड़ौदा घाट तक जाने वाली सड़क की तस्वीर जल्द बदलने वाली है। पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल जमशेदपुर के अंतर्गत 2.85 किलोमीटर लंबी सड़क का करीब चार करोड़ रुपये की लागत से IRQP यानी विशेष सड़क मरम्मत कार्य कराया जाएगा। शुक्रवार को पोटका विधायक संजीव सरदार ने इस कार्य का शिलान्यास किया। कार्य को तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास के बाद विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सड़क का काम जल्द शुरू कराकर छठ पर्व से पहले इसे पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा से पहले ही काम शुरू कराने का प्रयास है। सड़क पर अलकतरा की नई परत बिछाकर इसे बेहतर बनाया जाएगा। सड़क के दुरुस्त होने से बड़ौदा घाट, बागबेड़ा, टाटानगर स्टेशन और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
विधायक ने बताया कि स्थानीय लोगों और झामुमो नेताओं की ओर से लंबे समय से सड़क की खराब स्थिति की जानकारी दी जा रही थी। इसके बाद विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास कर सड़क का डीपीआर तैयार कराया गया और कार्य की स्वीकृति मिली। सड़क निर्माण का काम सुजीत सिंह कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है। विधायक ने अधिकारियों और संवेदक को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
शिलान्यास के बाद संजीव सरदार ने बड़ौदा घाट पर निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार मिश्रा और कनीय अभियंता जियाउल हक से निर्माण कार्य की जानकारी ली और पुल का काम भी तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। अभियंताओं ने बताया कि भारी बारिश के कारण पुल निर्माण का काम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब बारिश थमने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।
विधायक ने कहा कि पुल के पूरा होने से स्कूली छात्र-छात्राओं, मजदूरों, कामकाजी लोगों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी। सड़क और पुल तैयार होने के बाद अस्पताल, स्कूल, बाजार और कार्यस्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़क और पुल से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
मौके पर सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार मिश्रा, कनीय अभियंता जियाउल हक, पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, मुखिया मायावती टुडू, जमुना हांसदा, जगत मार्डी, पप्पू उपाध्याय, संतू कर्मकार, पिंटू तिर्की, बनारस दास, नीता सरकार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
#Jamshedpur #Potka #SanjivSardar #BarodaGhat #Tatanagar #Bagbera #RoadRepair #IRQP #RoadConstruction #BridgeConstruction #ChhathPuja #Jharkhand #JamshedpurNews #PotkaNews #ChhotanagpurLive