
सफलता की कहानी
--
स्व सहायता समूह से जुड़कर अन्नू केवट ने लिखी सफलता की नई इबारत
---
शहडोल जिले के जनपद पंचायत बुढार के ग्राम पंचायत पकरिया के ग्राम जल्दी टोला निवासी श्रीमती अन्नू केवट आज ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की एक सशक्त मिसाल बन चुकी हैं। कभी घर-गृहस्थी की सीमित जिम्मेदारियों के बीच आर्थिक तंगी से जूझने वाली अन्नू ने खुद का व्यवसाय शुरू कर अपनी तकदीर बदलने की ठानी और आज वे सफलता की नई इबारत लिख रही हैं।
ग्राम जल्दीटोला की रहने वाली श्रीमती अन्नू केवट वर्ष 2018 में आजीविका मिशन द्वारा संचालित स्नेहा स्व सहायता समूह में जुड़ी और लोन प्राप्त किया। अन्नू केवट ने लोन प्राप्त करने के बाद थाली, दोना निर्माण हेतु मशीनें स्थापित किया और धीरे-धीरे स्व सहायता समूह से अब तक 6 लाख रूपये का लोन प्राप्त किया और अपने व्यवसाय को नई दिशा दी।
अन्नू केवट को महीने का लगभग 20 से 30 हजार रूपये की आय अर्जित हो जाती है एवं 4-5 स्थानीय महिलाओ को रोजगार भी दिया हुआ है। अन्नू केवट की सफलता और जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से उन्हें न सिर्फ पहचान मिली है बल्कि वे आर्थिक रूप से भी आत्मनिर्भर बनी हैं। अन्नू केवट अपने पति के साथ मिलकर घर की बाड़ी में थ्री लेयर सब्जी का उत्पादन कर रही हैं। प्रथम लेयर में टमाटर मिर्ची भाटा आदि जैसी सब्जियां, द्वितीय लेयर में लौकी, कुम्हड़ा, तरोई, तीसरे लेयर में केला, पपीता आदि की खेती करती हैं।
अन्नू केवट ने महिलाओ को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #शहडोल #shahdol