उद्योग संवाद के माध्यम से सीईओ जिला पंचायत ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
महाप्रबंधक उद्योग श्री अलावा ने स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी
उद्यम क्रांति योजना एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने सुनाई सफलता की कहानी
सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित जन कल्याण शिविर में उद्योग विभाग द्वारा उद्योग संवाद का आयोजन जनपद पंचायत ब्यौहारी के ग्राम सरवाही कला में किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा और कार्य करने की क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत है अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप स्वरोजगार का अवसर चुनने की। शासन द्वारा युवाओं और स्व-सहायता समूहों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। युवाओं को इन योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे आना चाहिए।
महाप्रबंधक उद्योग श्री अलावा एवं प्रबंधक जूही खटीक ने युवाओं एवं ग्रामीणों को प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राही अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। अधिकारियों ने हितग्राहियों को आवेदन प्रक्रिया, पात्रता तथा योजनाओं से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी।
हितग्राहियों ने सुनाई सफलता की कहानी
उद्योग संवाद के दौरान प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित सुनील सोनी एवं गणेश वर्मा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने में आर्थिक सहयोग मिला, जिससे वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सके। उन्होंने अन्य युवाओं से भी योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय शुरू करने का आग्रह किया।
इसी प्रकार स्व-सहायता समूह से जुड़ी रीता कुशवाहा एवं नीता साहू ने समूह से जुड़ने के बाद अपने जीवन में आए बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्व-सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और अपनी आय बढ़ाने का अवसर मिला है। समूह से जुड़कर महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की आर्थिक जरूरतों में भी सहयोग कर रही हैं।
मुद्रा योजना से मिला व्यवसाय के लिए सहयोग
शिविर में मुद्रा योजना के तहत खड्डा निवासी अर्चना पटेल एवं किरन पटेल को व्यवसाय के लिए एक-एक लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया। इसी प्रकार ग्राम देवगांव के चार स्व-सहायता समूहों को व्यवसायिक गतिविधियों के लिए 6-6 लाख रुपए की क्रेडिट लिमिट प्रदान की गई। योजना का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार जताया।
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र युवाओं एवं स्व-सहायता समूहों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने की प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
इस अवसर पर एसडीएम सुश्री काजोल सिंह, डिप्टी कलेक्टर भागीरथी लहरे एवं गैलेक्सी नागपुरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री दुर्गेश तिवारी, श्री पुष्पेन्द्र सिंह, सरपंच श्रीमती संतोषी सिंह, सीईओ जनपद पंचायत कल्पना यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी तथा आसपास की ग्राम पंचायतों के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #शहडोल #shahdol
4 views | Shahdol, Madhya Pradesh | Oct 3, 2026