
मंडापुरा में दर्दनाक हादसा: गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम
बालोतरा। पचपदरा क्षेत्र के मंडापुरा गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। घर के पास खेल रहे बच्चे पानी और कीचड़ से भरे एक गहरे गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशन (8), सोहन (7) और विकास (9) दोपहर के समय टायर से खेलते हुए गांव के एक खाली प्लॉट तक पहुंच गए। वहां खुदे हुए गड्ढे में बारिश और सीवरेज का पानी भरा हुआ था। खेलते समय तीनों बच्चे गड्ढे में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके।
शाम तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गड्ढे के पास बच्चों की चप्पलें दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी की सहायता से गड्ढे का पानी निकाला गया, जिसके बाद तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ तीन मासूमों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे खुले और खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।