
*थाना जाखल पुलिस ने 7.50 ग्राम हेरोइन सहित एक आरोपी को किया काबू*
*– नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई, आरोपी के कब्जे से 7.50 ग्राम हेरोइन बरामद*
जाखल, 04 जून। थाना जाखल पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पम्पा सिंह को 7.50 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है।
थाना जाखल प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश ने बताया कि पुलिस टीम गांव म्योद खुर्द क्षेत्र में गश्त एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि पम्पा सिंह अवैध रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी करता है तथा हेरोइन लेकर आने वाला है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस ने रंगोई नाला पुल के समीप नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस टीम को देखकर वह वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया।
नियमानुसार की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7.50 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसे कब्जा पुलिस में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
इस संबंध में थाना जाखल में अभियोग संख्या 70 दिनांक 03.06.2026, धारा 21B/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा तथा मामले की आगामी जांच जारी है।