
उत्तर कोयल परियोजना में तेजी लाने की मांग: पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से की मुलाकात
औरंगाबाद के भाजपा के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात कर उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना के कार्य में तेजी लाने की मांग की।
पूर्व सांसद ने परियोजना की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति पर विस्तृत चर्चा करते हुए कुटकु डैम में शीघ्र गेट लगाने तथा शेष सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना लाखों किसानों की जीवनरेखा है। इसके पूर्ण होने से औरंगाबाद, गया समेत कई जिलों के किसानों को सिंचाई की पर्याप्त सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
सुशील कुमार सिंह ने कुटकु डैम में गेट लगाने के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शेष कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। परियोजना पूर्ण होने से क्षेत्र में कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी तथा किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और परियोजना की प्रगति साझा की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उत्तर कोयल सिंचाई परियोजना को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, जिससे कार्य में और तेजी आए।
पूर्व सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों एवं सिंचाई परियोजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उत्तर कोयल परियोजना का शीघ्र पूर्ण होना क्षेत्र के किसानों के लिए ऐतिहासिक होगा।
#UttarKoelProject #SushilKumarSingh #Aurangabad #CRPatil #Farmers #UttarKoelProject #NorthKoel #SushilKumarSingh #CRPatil #Aurangabad #Bihar #Irrigation #Farmers #KutkuDam #BJP #JalShakti