
अटल पथ पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, कई लोगों को 500 मीटर तक रौंदा, फिर 80 मीटर दूर जाकर पलटी गाड़ी।
बिहार की राजधानी पटना के अटल पथ पर सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के महेशनगर के पास बेकाबू और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर तांडव मचा दिया।
बताया जा रहा है कि बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क से गुजर रहे लोगों को रौंद दिया। चश्मदीदों के मुताबिक ड्राइवर काफी लापरवाही और रैश ड्राइविंग कर रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
*500 मीटर तक कुचलते गई स्कॉर्पियो, फिर पलटी*
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो की रफ्तार बेहद तेज थी। रास्ते में आने वाले लोगों को कुचलते हुए गाड़ी करीब 500 मीटर तक आगे बढ़ गई। इसके बाद ड्राइवर का गाड़ी से पूरी तरह नियंत्रण छूट गया और स्कॉर्पियो सड़क पर पलट गई। तेज गति के कारण पलटने के बाद गाड़ी उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी।
सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।