
15 जुलाई को गांधी सभागार में होगा ऐतिहासिक नाटक ‘फनिया वध’ का मंचन, सजीव होगी स्वतंत्रता संग्राम की गाथा
बेतिया: स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को मंच पर जीवंत करने वाला ऐतिहासिक नाटक ‘फनिया वध’ 15 जुलाई को शाम 6 बजे स्थानीय गांधी सभागार, बेतिया में प्रस्तुत किया जाएगा। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली एवं कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में इस नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। प्रख्यात साहित्यकार डॉ. दिवाकर राय की रचना पर आधारित यह नाटक स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों के विरुद्ध गवाही देने वाले फणींद्रनाथ घोष और उनके वध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसका निर्देशन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से प्रशिक्षित वरिष्ठ रंग निर्देशक हरिशंकर रवि कर रहे हैं, जबकि सभी कलाकार स्थानीय हैं। डॉ. दिवाकर राय ने कहा कि ऐसे आयोजन चंपारण में कला और संस्कृति को नई पहचान दे रहे हैं। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुति का अवलोकन करने और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को जानने की अपील की।