गिरिडीह: अनुमंडलीय कृषि प्रक्षेत्र, पचंबा में बुधवार को जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मौके पर कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियां अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखना और मिट्टी एवं जल संसाधनों का संरक्षण करना जरूरी है। किसानों से गेहूं, चना, मटर और सरसों की वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की अपील की।
उन्होंने मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरकों का उपयोग, गुणवत्तापूर्ण बीज, बीज उपचार और फसल चक्र अपनाने पर जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को किसानों तक समय पर बीज, खाद और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने उन्नत खेती, सिंचाई, कीट नियंत्रण और कृषि यंत्रीकरण की जानकारी दी। उपायुक्त ने किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश भी दिया।