
*पांवटा साहिब की बेटी डॉ. अंजलि सैनी की घर वापसी, अब अपने ही शहर में देंगी विशेषज्ञ सेवाएं*
*एमडी गायनेकोलॉजिस्ट की नियुक्ति से महिला स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई दिशा, नसीमा बेगम ने बताया गर्व का क्षण*
*चौपाल हुए थे ऑर्डर, मुख्यमंत्री से अनुरोध कर पांवटा करवाए ऑर्डर: नसीमा बेगम*
*पांवटा साहिब।* औद्योगिक नगरी पांवटा साहिब के लिए यह केवल एक नियुक्ति नहीं, बल्कि गर्व का क्षण है। शहर की बेटी, एमडी गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. अंजलि सैनी अब अपने ही शहर में चिकित्सा सेवाएं देंगी। उनकी घर वापसी से सिरमौर के सीमांत क्षेत्रों तक की महिलाओं को विशेषज्ञ सुविधा अपने ही नगर में मिल सकेगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाई कॉर्पोरेशन की निदेशक नसीमा बेगम ने बताया कि डॉ. अंजलि सैनी के मूल ऑर्डर चौपाल के लिए हुए थे।
नसीमा बेगम ने कहा, *"पांवटा की बेटी के ऑर्डर चौपाल हुए थे। इस विषय में मैंने मुख्यमंत्री जी से रिक्वेस्ट की और बेटी के ऑर्डर पांवटा करवाए। मेरी कोशिश रहती है कि पांवटा की प्रतिभा पांवटा में ही रहे और क्षेत्र की जनता को इसका लाभ मिले।"*
उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब की बेटी का उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने ही क्षेत्र में लौटकर सेवा करना पूरे समाज के लिए प्रेरणा है। जब बेटियां अपनी योग्यता के बल पर समाज सेवा के लिए आगे आती हैं, तो वे हजारों अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।
नसीमा बेगम ने कहा कि उन्होंने सदैव पांवटा साहिब के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है। पांवटा औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां महिला रोग विशेषज्ञों की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसके कारण गर्भवती महिलाओं को देहरादून या नाहन जाना पड़ता था। डॉ. अंजलि के आने से यह कमी दूर होगी और स्थानीय स्तर पर ही महिलाओं को बेहतर परामर्श व उपचार मिल सकेगा।
उन्होंने इसे नारी सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए डॉ. अंजलि सैनी को उनके नए सेवाकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।