
Writing
करोड़ों की ठगी के मामले में 2 इनामी आरोपी गिरफ्तार
कोटा। आरकेपुरम थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उजाला मिल्क प्रॉड्यूसर कंपनी में करीब 1.05 करोड़ रुपए के गबन के मामले में तीन साल से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अनुराग पराशर और दीपक श्रेष्ठी को पकड़ा है। दोनों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर कंपनी के खातों से रुपए अपने निजी बैंक खातों में ट्रांसफर कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
तीन साल से पुलिस को दे रहे थे चकमा
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास किए। करीब तीन साल से फरार दोनों आरोपियों पर पुलिस ने इनाम घोषित किया था। आरकेपुरम थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में ठगी की रकम के इस्तेमाल, बैंक खातों में किए गए ट्रांजेक्शन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद करोड़ों के गबन के इस मामले में जांच आगे बढ़ गई है।
Ladpura, Kota | Aug 23, 2026