
16.5 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरफ्तार, रफीगंज RPF की कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रफीगंज ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को 16.5 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद जिला अंतर्गत उसरू अमौना निवासी मोहित उपाध्याय पिता मिथिलेश उपाध्याय के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 को वरीय अधिकारियों के निर्देश पर RPF पोस्ट रफीगंज के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उप निरीक्षक विजय बहादुर राम, आरक्षी नितेश कुमार और आरक्षी राकेश कुमार रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ गश्ती कर रहे थे।
इसी दौरान रफीगंज स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13010 डाउन दून एक्सप्रेस को सुरक्षित पास कराने के बाद प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर फुट ओवरब्रिज और शौचालय के बीच एक संदिग्ध युवक को दो बैगों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बैग में शराब होने की बात स्वीकार की।
तलाशी के दौरान उसके पास से HP अंकित काले रंग के पिट्ठू बैग से 24 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की (9 लीटर) तथा VIP अंकित ट्रॉली बैग से 10 बोतल (7.5 लीटर) शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल कीमत 15,540 रुपये बताई गई है। सभी शराब उत्तर प्रदेश निर्मित और सेल फॉर उत्तर प्रदेश ओनली अंकित थी।
RPF ने आरोपी को हिरासत में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस थाना सोननगर को सौंप दिया, जहां उसके विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।