
विवाह के बाद भी 'लड़की पसंद नहीं है' के तानों से परेशान विवाहिता की संदिग्ध मौत
मायके वालों ने लगाए गंभीर आरोप
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
विवाह के बाद भी 'लड़की पसंद नहीं है' के तानों से परेशान एक विवाहिता की संदिग्ध मौत को लेकर मायका वालों ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए रामपुरा थाना में केस दर्ज कराया है। विवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका हुआ मिला था।
मायका पक्ष की ओर से गांव पीथड़ावास पहुंचे अजित कुमार ने कहा कि उसकी 25 वर्षीय भांजी प्रीति की शादी 3 साल पहले दीपक कुमार से हुई थी। दीपक पोल्ट्री फार्म चलाता है। उन्होंने कहा कि प्रीति को पसंद करने बाद ही दीपक ने शादी के लिए हां की थी। दोनों से 2 साल का बेटा भी है। उन्होंने कहा कि मर्जी से शादी किये जाने केबाद भी 'लड़की पसंद नहीं है' के तानों से प्रीति को प्रताड़ित किया जा रहा था। रविवार की रात को ससुराल से प्रीति के पिता नरेश के पास फोन आया कि प्रीति बेहोश हो गई और अस्पताल में एडमिट है। हम सभी तुरंत अस्पताल पहुंचे तो प्रीति मृत मिली। उन्होंने कहा कि प्रीति ने कुछ दिन पहले इंस्टग्राम अकाउंट पर पोस्ट डाली थी, जिसमें ससुरालियों द्वारा जबरदस्ती मच्छर मारने वाली ऑल आउट दवा पिलाने सहित कई बातों को शेयर किया था।
सूचना मिलते ही रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजित ने कहा कि उन्होंने रात को ही पुलिस को बता दिया था कि प्रीति की हत्या की गई है। इस प्रकरण में पति, देवर, सास व ससुर शामिल हैं। सोमवार तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए मायका पक्ष के लोग व ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। उन्होंने जमकर रोष व्यक्त किया और कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। अंतिम संस्कार को लेकर भी मायका व ससुराल पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष ही अपने गांवों में अंतिम संस्कार की कहते दिखाई दिये। दो घंटे तक अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। इधर ससुराल पक्ष का कहना है कि प्रीति ने सुसाइड किया है।
रामपुरा थाना प्रभारी संजय कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी। तत्पश्चात शव को मायका पक्ष की सहमति के बाद ससुराल वालों को सौंप दिया गया।
Rewari, Rewari | Jun 22, 2026