
अल्ली नेताजी की ‘टॉयलेट कूटनीति’ के मायने (जनचर्चा आधारित)
"टॉयलेट कूटनीति का स्वर्णिम अध्याय"
अल्ली नेताजी इन दिनों राजनीति के उस दौर से गुजर रहे हैं, जहाँ न पार्टी कोई पद दे रही है, न जनता कोई तबज्जो। मोहल्ले का चुनाव हारने के बाद से नेताजी लगातार इस खोज में थे कि आखिर कैसे भी प्रदेश के कुछ नेताओं को अपना भोकाल दिखा दें। आखिर बिना पद के नेता, नेता कम और व्हाट्सएप डीपी ज्यादा लगता है।
संयोग से धर्मपत्नी बैंक की अध्यक्ष बन गईं। अब यह जीत जनाधार की थी या मतदाता सूची में मिलों के मजदूरों की कृपा, इस पर बहस हो सकती है। लेकिन वो बाद का विषय है। फिलहाल बैंक की यही अध्यक्षी नेताजी के लिए राजनीतिक बायोडाटा का सबसे चमकदार पन्ना बनी हुई है। क्योंकि सभापतियाई पर तो पार्षदी की हार ने पानी फेर ही दिया था। खैर अपन बात कर रहे हैं जनचर्चा आधारित अल्ली नेताजी की टॉयलेट कूटनीति के मायनों की तो हुआ यूं कि...
जब भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शहर में आए, तो सवाल खड़ा हुआ — “नेताजी अपनी उपयोगिता कैसे सिद्ध करें?” जनाधार दिखाने का विकल्प सीमित था, तो अंततः रणनीतिकारों ने नया फार्मूला निकाला — बैंक का रात्रिकालीन दर्शन और टॉयलेट कूटनीति।
बताया गया कि प्रदेश अध्यक्ष जी बैंक इसलिए गए क्योंकि उन्हें टॉयलेट जाना था। राजनीति के जानकार इसे सामान्य घटना मानने को तैयार नहीं हैं। उनका मानना है कि यह देश की पहली ऐसी कूटनीतिक यात्रा थी, जिसमें स्वागत, सुरक्षा, शटर और शौचालय — सब एक साथ सक्रिय हुए।
नेताजी ने भी अवसर नहीं गंवाया। बड़े नेता को बैंक तक ले जाकर यह संदेश देने की कोशिश की गई कि “देखिए, हमारा प्रभाव ऐसा है कि बैंक रात में भी खुल सकता है।” विपक्ष वाले कह रहे हैं कि बैंकिंग इतिहास में पहली बार एटीएम नहीं, वीआईपी ब्लैडर एक्टिवेट हुआ।
अब मोहल्ले में चर्चा यह है कि यदि जल्द कोई पद नहीं मिला तो नेताजी अगली बार “हैंडवॉश डिप्लोमेसी”, “वॉशरूम समन्वय समिति” या “मिडनाइट सैनिटेशन मिशन” के माध्यम से संगठन में अपनी जगह बनाने का प्रयास कर सकते हैं।
कुल मिलाकर, राजनीति ने हमें बहुत सी रणनीतियाँ दिखाई हैं — राम मंदिर रणनीति, सोशल इंजीनियरिंग, गठबंधन धर्म… लेकिन अल्ली नेताजी ने सिद्ध करके दिखाया कि महत्वाकांक्षा जब बेचैन हो, तो लोकतंत्र के दरवाज़े ही नहीं, बैंक के टॉयलेट भी रात में खुल सकते हैं।