
लालसरैया नहर के पास पुलिस का बड़ा एक्शन, 41 लीटर विदेशी शराब के साथ दो बाइक बरामद, तस्कर फरार।
बेतिया/मझौलिया। मझौलिया थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।मझौलिया थाना क्षेत्र के लालसरैया नहर के समीप छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो बाइक से ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही बाइक सवार तस्कर अंधेरे और नहर के किनारे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके से सुपर स्प्लेंडर (BR22AO9822) तथा हीरो बाइक (BR22BD2196) को जब्त किया। तलाशी के दौरान दोनों बाइकों से रॉयल स्टैग व्हिस्की (375 एमएल) की 65 बोतलें एवं किंगफिशर (500 एमएल) की 34 कैन बरामद हुईं। जब्त शराब की कुल मात्रा 41 लीटर बताई गई है। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है। बाइक चालक एवं मालिक के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। वहीं, क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।