
रासायनिक प्रदूषण का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से फैक्ट्री बंद कराने की मांग
उदयपुर, 6 अगस्त। उदयपुर जिले की बड़गांव तहसील के ग्राम थूर के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव में संचालित मैसर्स क्वार्जो (Cuarzo) फैक्ट्री पर रासायनिक प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने फैक्ट्री को बंद कर अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, ग्राम थूर की आराजी संख्या 3298/1619 स्थित फैक्ट्री में आर्टिफिशियल स्टोन (टाइल्स) निर्माण के दौरान रसायनों का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाले दूषित पानी और जहरीली गैसों के कारण गांव का पानी और हवा प्रदूषित हो रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री आबादी क्षेत्र और विद्यालय के निकट स्थित है। उनका कहना है कि दूषित हवा और पानी के कारण बच्चों सहित ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि उद्योग द्वारा प्रदूषित पानी के निस्तारण की उचित व्यवस्था नहीं की गई है और आवश्यक सरकारी अनुमति व ग्राम पंचायत की अनापत्ति के बिना संचालन किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री के खिलाफ तत्काल जांच कराई जाए, प्रदूषण फैलाने पर कार्रवाई की जाए तथा उद्योग को गांव से हटाकर अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित कराया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
इस ज्ञापन पर ग्राम थूर के अनेक ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।