
शनिवार,04 जुलाई 2026 को
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में आज उपायुक्त प्रकोष्ठ में जिला बाल संरक्षण कार्यालय के अंतर्गत संचालित स्पॉन्सरशिप कार्यक्रम की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत आच्छादित बच्चों की अद्यतन स्थिति, अनुश्रवण एवं सत्यापन की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बताया कि पूर्व से योजना के अंतर्गत आच्छादित 412 बच्चों का अनुश्रवण एवं भौतिक सत्यापन कराया गया है। सत्यापन उपरांत 373 पात्र बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत नियमित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की अनुशंसा की गई।
बैठक में बाल कल्याण समिति द्वारा नव चयनित 128 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत आच्छादित किए जाने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी प्रशिक्षु उपसमाहर्ताओं को निर्देश दिया कि इन बच्चों का भौतिक सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर कराते हुए सत्यापन प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि पात्र बच्चों को समय पर योजना का लाभ प्रदान किया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि स्पॉन्सरशिप योजना का उद्देश्य देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को समय पर आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए तथा सभी पात्र बच्चों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, उप निदेशक- सह असिस्टेंट डायरेक्टर सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।