
### 2027 में टिहरी की सभी 6 सीटों पर खिलेगा कमल, प्रतापनगर में भी भाजपा की जीत तय: सोना सजवाण
भाजपा प्रदेश महामंत्रियों के दौरे से तेज हुई चुनावी तैयारियां, कार्यकर्ताओं को गांव-गांव पहुंचकर सरकार की योजनाओं के प्रचार का निर्देश
नई टिहरी। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने टिहरी जिले में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार में जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा टिहरी जिले की सभी छह सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतापनगर विधानसभा सीट पर भी भाजपा का विधायक बनेगा।
बृहस्पतिवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के नई टिहरी पहुंचने पर जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सोना सजवाण ने उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों संगठन नेताओं के साथ जिले की सभी छह विधानसभा सीटों की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
बैठक में संगठन नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा जनता के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सोना सजवाण ने कहा कि संगठन महामंत्रियों के मार्गदर्शन और पार्टी की जमीनी तैयारियों से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह है। वर्तमान में प्रतापनगर को छोड़कर टिहरी जिले की पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की रणनीति और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर इस बार प्रतापनगर सीट पर भी भाजपा जीत हासिल करेगी।
वहीं, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कांग्रेस की न्याय यात्रा और क्रोक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से रिजीम चेंज को लेकर दिए गए बयान पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने संबंधित पक्ष से बयान पर माफी मांगने की मांग की।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने आगामी चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी जोर दिया।