
नशा मुक्ति युवा विकसित भारत अभियान' के तहत 8 प्रतियोगिताओं के लिए 27 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat), सीहोर द्वारा 'नशा मुक्ति युवा विकसित भारत अभियान' के तहत जिले के युवाओं के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नशा मुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
इस अभियान के अंतर्गत लोकगीत, समूह नृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद, लघु फिल्म/रील निर्माण, नारा लेखन तथा कविता पाठ सहित 08 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सीहोर जिले के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं को माय भारत (MY Bharat) पोर्टल पर पंजीयन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीहोर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा कॉन्क्लेव में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
माय भारत की उपनिदेशक सुश्री निक्की राठौर ने जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों, शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों एवं युवा संगठनों से अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ने की अपील की है, ताकि नशा मुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore