
प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग के क्रियान्वयन एवं रिपोर्टिंग में सीतामढ़ी जिला राज्य में प्रथम स्थान पर
कक्षा 6 से 8 के विज्ञान एवं गणित विषयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में जिले की उल्लेखनीय उपलब्धि
जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों में सीखने की क्षमता, रचनात्मकता एवं व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से कक्षा 6 से 8 के विज्ञान एवं गणित विषयों में Project Based Learning (PBL) गतिविधियों का प्रभावी रूप से संचालन किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी श्री रिची पाण्डेय के नेतृत्व एवं निर्देशानुसार जिले के सभी संबंधित विद्यालयों में Project Based Learning कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करते हुए DIKSHA App के माध्यम से नियमित रिपोर्टिंग की गई। इसके परिणामस्वरूप जुलाई 2026 की PBL जिला स्तरीय रिपोर्ट में सीतामढ़ी जिले को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार सीतामढ़ी जिले में कक्षा 6 से 8 के विज्ञान एवं गणित विषयों के लिए कुल 893 विद्यालयों में से 893 विद्यालयों में परियोजना आधारित शिक्षण के संबंध में शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग की गई है। वहीं परियोजनाओं को पूर्ण करने एवं साक्ष्य अपलोड करने के विभिन्न मानकों पर भी जिले का प्रदर्शन 100 प्रतिशत रहा है।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा, सीतामढ़ी श्री सुजीत कुमार दास ने बताया कि जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन एवं निर्देशानुसार जिले के सभी विद्यालयों में Project Based Learning को प्रभावी ढंग से लागू कराने तथा DIKSHA App के माध्यम से इसकी नियमित रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिले के सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संबंधित शिक्षा पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की।
जिला प्रशासन द्वारा कहा गया कि प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग विद्यार्थियों को केवल पाठ्यपुस्तक आधारित ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें प्रयोग, गतिविधि एवं वास्तविक जीवन की परिस्थितियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करता है। इस दिशा में सीतामढ़ी जिले की यह उपलब्धि गुणवत्तापूर्ण एवं गतिविधि आधारित शिक्षा के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
जिला प्रशासन, सीतामढ़ी द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।