
ओसियां में ट्रैफिक जाम बना विवादों की वजह, छात्र से मारपीट के बाद लोगों में रोष
ओसियां कस्बे के माता जी मंदिर रोड स्थित सोनारों का बास क्षेत्र में अव्यवस्थित यातायात और अतिक्रमण के कारण आए दिन विवाद और झगड़े की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाहर से आने वाले पर्यटक वाहनों, टैक्सी और जीप सफारी चालकों द्वारा सड़क किनारे और घरों के सामने मनमाने ढंग से वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे रास्ता संकरा हो जाता है और जाम की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र की सड़कों पर अवैध निर्माण, पत्थर और अन्य अवरोध भी मौजूद हैं, जिससे आमजन के साथ-साथ एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही प्रभावित होती है। लोगों का कहना है कि लोहारों के बास तिराहे पर बेरिकेड लगाने और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने से समस्या का काफी हद तक समाधान हो सकता है।
छात्र से मारपीट का मामला आया सामने
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार को माता जी मंदिर के पास एक छात्र के साथ मारपीट की घटना हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक एक सांड सड़क पर आ जाने से मोटरसाइकिल का टायर पैदल चल रहे व्यक्ति के पैर से हल्का स्पर्श हो गया। मोटरसाइकिल चालक द्वारा माफी मांगने के बावजूद संबंधित व्यक्ति ने कथित रूप से छात्र को थप्पड़ मार दिया। आरोप है कि उसने मोबाइल के पीछे लगा कोई पहचान पत्र दिखाते हुए खुद को प्रभावशाली बताने की कोशिश की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
स्पीड ब्रेकर नहीं, रात में स्टंटबाजी का खतरा
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। रात के समय कुछ युवकों द्वारा स्टंटबाजी और ओवरस्पीडिंग किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय निवासियों ने यातायात व्यवस्था सुधारने, अतिक्रमण हटाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र में किसी बड़ी दुर्घटना या गंभीर विवाद की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं और शीघ्र समाधान की मांग की है।
Osian, Jodhpur | Jun 14, 2026