
भारी बारिश में जरूरतमंद महिलाओं का सहारा बना इनर व्हील सोलन ग्रीन वैली, बांटे बरसाती छाते
लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जरूरतमंद महिलाओं की सहायता के लिए इनर व्हील क्लब सोलन ग्रीन वैली ने सराहनीय पहल की। क्लब की ओर से उन महिलाओं को बरसाती छाते वितरित किए गए, जो प्रतिकूल मौसम के बावजूद अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए रोजाना लोगों के घरों में घरेलू काम करने जाती हैं। बारिश के कारण उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में यह छोटी-सी मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।
क्लब ने केवल घरेलू कामगार महिलाओं तक ही अपनी सहायता सीमित नहीं रखी, बल्कि उन महिलाओं को भी बड़े आकार के मजबूत छाते उपलब्ध कराए, जो सड़कों और बाजारों में ठेला लगाकर सब्जियां बेचती हैं और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। भारी बारिश के दौरान इन महिलाओं को अपने काम के साथ-साथ सामान को सुरक्षित रखने में भी परेशानी होती है। बड़े छाते मिलने से उन्हें अपने काम को जारी रखने में काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर क्लब की प्रधान निधि आनंद ने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना क्लब की प्राथमिकता है। बरसात के इस मौसम में रोज कमाने-खाने वाले लोगों की समस्याओं को देखते हुए यह पहल की गई है, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी क्लब इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करता रहेगा।
छाता वितरण कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए बेहद उपयोगी है और बारिश के मौसम में उन्हें काम करने में काफी सहूलियत मिलेगी।
इस मौके पर इनर व्हील सोलन ग्रीन वैली की प्रधान निधि आनंद के साथ सुधा रानी, नैन्सी ठाकुर, ज्योति शर्मा, आशु अरोड़ा, मदान और युगती सहित क्लब की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं के जीवन को थोड़ा आसान बनाना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना रहा।