
दगोट सड़क की बदहाली को लेकर महिला मंडल ने उठाई आवाज, समाजसेवी लखन रॉय ने भी उठाया मामला
निरमंड। ग्राम पंचायत कोट के अंतर्गत आने वाले दगोट गांव की सड़क की बदहाल स्थिति अब ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। सड़क निर्माण में हो रही देरी को लेकर दगोट के ग्रामीणों और महिला मंडल ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठाई है।
15 अगस्त के अवसर पर ग्राम पंचायत कोट द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में दगोट गांव के महिला मंडल की महिलाओं ने मुख्य अतिथि एवं कांग्रेस के प्रदेश सचिव यूपेंद्रकांत मिश्रा से मुलाकात कर दगोट सड़क की समस्या से अवगत करवाया। महिलाओं ने सड़क की खस्ता हालत और लंबे समय से निर्माण कार्य लंबित होने के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानियों को उनके समक्ष रखा तथा इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता, निरमंड को ज्ञापन सौंपने के लिए उनसे सहयोग मांगा।
महिला मंडल की ओर से बताया गया कि दगोट सड़क का करीब 180 मीटर हिस्सा लगभग दो वर्ष पहले टेंडर किया गया था, जबकि सड़क की कुल लंबाई करीब 600 मीटर है। इसके बावजूद सड़क के शेष हिस्से का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम ग्रामीणों को रोजाना पैदल आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क और भी खतरनाक हो जाती है तथा फिसलने और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क सुविधा का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
इसी मुद्दे को लेकर दगोट निवासी समाजसेवी लखन रॉय ने भी सक्रियता दिखाते हुए ग्राम पंचायत कोट के प्रधान कांत कृष्ण ठाकुर से मुलाकात की और सड़क की स्थिति को लेकर चर्चा की। उन्होंने पंचायत प्रधान से भी आग्रह किया कि संबंधित विभाग के समक्ष मामला मजबूती से उठाकर लंबित निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
समाजसेवी लखन रॉय ने कहा कि दगोट सड़क का मुद्दा पूरी तरह जनहित से जुड़ा है और इसका समाधान राजनीति से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग, पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि दगोट के ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों और महिला मंडल ने उम्मीद जताई है कि ज्ञापन के माध्यम से उठाई गई इस मांग पर संबंधित विभाग जल्द संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
रॉय लखन
Kullu, Kullu | Aug 20, 2026