
नालियों पर अतिक्रमण कारियों के विरूद्ध ननि की कार्रवाई
नवजीवन विहार और इंद्रा चौक क्षेत्र में नाली व सड़क को कराया गया अतिक्रमण मुक्त
सिंगरौली : नपानि सिंगरौली द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नालियों के सुचारु प्रवाह को बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।
ननि आयुक्त सविता प्रधान के स्पष्ट दिशा-निर्देशन तथा उपायुक्त आरपी बैस के प्रत्यक्ष नेतृत्व में निगम प्रशासन की टीम ने नवजीवन विहार और विंध्यनगर मेन रोड स्थित इंद्रा चौक चौराहे के आसपास व्यापक अतिक्रमण रोधी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान सड़क और नालियों पर अवैध रूप से कब्जा जमा, दुकानदारों और ठेला चालकों में हड़कंप का माहौल देखा गया।
ननि के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दल-बल के साथ कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक रास्तों, सड़कों के किनारों और नालियों के ऊपर किए गए अस्थायी व स्थायी निर्माणों को हटवाया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालियों और सड़कों पर अतिक्रमण होने के कारण न केवल दैनिक यातायात बुरी तरह प्रभावित होता है, बल्कि जल भराव की गंभीर समस्या भी पैदा हो जाती है।कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, सहायक यंत्री दिनेश तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक पवन बरोदे सहित अन्य मौजूद रहे।