
तीन महीने से फरार साइबर ठग जयपुर से गिरफ्तार, मानटाउन थाना पुलिस की बड़ी सफलता
फर्जी पुलिस और सीबीआई अधिकारी बनकर करता था ऑनलाइन ठगी, कमीशन लेकर म्यूल अकाउंट से करोड़ों की साइबर ठगी में निभाता था भूमिका
सवाई माधोपुर।
साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मानटाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन माह से फरार चल रहे वांछित साइबर आरोपी अभिषेक महावर उर्फ ईशु (25) को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक राजेन्द्र कुमार मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर अपराधियों को अपने बैंक खाते उपलब्ध कराकर कमीशन लेता था। साइबर ठगी से वसूली गई रकम को म्यूल अकाउंट के जरिए इधर-उधर ट्रांसफर कराया जाता था, जिससे ठगी की राशि का पता लगाना मुश्किल हो जाता था।
आरोपी और उसके साथी मोबाइल कॉल, व्हाट्सएप व सोशल मीडिया के माध्यम से खुद को पुलिस, सीबीआई और अन्य सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराते और झांसे में लेते थे। इसके बाद सर्विस चार्ज, जीएसटी, लोन, मनी हेल्प सहित अन्य बहाने बनाकर ऑनलाइन रकम अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे।
इस मामले में आरोपी का साथी पवन महावर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी आरोपी के खिलाफ शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेन-देन पर सतर्क रहें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।