
सिंगरौली में लोकायुक्त का बड़ी कार्रवाई,
वन रक्षक 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सिंगरौली:रीवा लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को सिंगरौली जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए वन परिक्षेत्र बरगवां की ओबरी वन चौकी में पदस्थ वन रक्षक अखिलेश शुक्ला को 2 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम ओबरी निवासी रामलोचन प्रजापति ने 16 जुलाई 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर खरीदा है। गांव के समीप गुरमुटिया टोला के वन अधिकार पट्टा धारकों के खेतों की जुताई करने जाने पर ओबरी वन चौकी में पदस्थ वन रक्षक अखिलेश शुक्ला उन्हें रोकता था और प्रतिदिन कार्य करने के एवज में 2,000 रुपये रिश्वत की मांग करता था।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
शनिवार को लोकायुक्त टीम ने ओबरी वन चौकी परिसर में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी वन रक्षक को 2,000 रुपये की रिश्वत दी, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।