
ऊना गोलीकांड: हत्या के प्रयास में 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजे गए
ऊना जिले के गगरेट उपमंडल के जोह क्षेत्र में शनिवार को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहिंदर सिंह उर्फ कोको, उसके बेटे जिम्मी और उनके साथी प्रदीप के रूप में हुई है। रविवार को तीनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस जांच के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना के पीछे अवैध शराब के कारोबार को लेकर चल रही रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहिंदर सिंह कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पंजाब से आए एक शराब कारोारी के साथ जुड़े बाउंसरों ने उसे कारोबार बंद करने की धमकी दी थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
शनिवार को जब शराब कारोबारी के करिंदे परमिंदर और धर्मेंद्र कार से जोह से डंगोह की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में मोहिंदर सिंह और उसके दोनों साथी पहले से मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके दौरान मोहिंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली चला दी। गोली देहरा (फतेहपुर) निवासी धर्मेंद्र सिंह की टांग में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल धर्मेंद्र सिंह का उपचार डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार वह खतरे से बाहर है। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं। रविवार को धर्मशाला से पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
उधर, पंजाब से बाउंसर बुलाकर कानून-व्यवस्था को चुनौती दिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद ऊना के पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने मामले का कड़ा संज्ञान लिया है। जानकारी छिपाने और लापरवाही बरतने के आरोप में स्थानीय एसएचओ और चौकी प्रभारी को फटकार लगाई गई है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 126(2) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ जारी रहेगी।
#Una #Gagret #HimachalNews #CrimeNews #HimachalPradesh #UTHimachal #UniqueTodayNews