
कोटद्वार में माता-पिता की डांट से नाराज युवती पहुं गई जम्मू
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। माता पिता की डांट से नाराज होकर एक युवती जम्मू कश्मीर पहुंच गई। कोटद्वार पुलिस ने युवती को जम्मू के रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद करते हुए उसके माता पिता को सौंप दिया। दिनांक 18.10.2026 को कोटद्वार निवासी द्वारा कोतवाली कोटद्वार में प्रार्थना पत्र देकर सूचना दी गई कि उनकी पुत्री दिनांक 17.10.2026 को प्रातः लगभग 09:00 बजे कपड़े लेने के लिए कोटद्वार बाजार गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। प्राप्त शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0 256/2026, धारा 140(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं CDR का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर युवती के जम्मू जाने वाली ट्रेन में होने की जानकारी प्राप्त हुई। इस महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर पुलिस टीम तत्काल जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुई तथा जीआरपी जम्मू-कश्मीर से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्राप्त किया। पुलिस टीम ने जम्मू पुलिस के सहयोग से गुमशुदा युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत युवती को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, कांस्टेबल अनुज वर्मा, महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे।