
10 साल से जर्जर भवनों में चल रही कोसली की 7 आंगनबाड़ी, ग्रामीणों ने नए भवन बनाने की मांग उठाई
कोसली, 2 अक्टूबर। ओमप्रकाश डाबला
रेवाड़ी जिले के कोसली गांव में पिछले करीब 10 वर्षों से सात आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर भवनों में संचालित होने का मामला सामने आया है। इन भवनों की स्थिति खराब होने के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मजबूरी में बच्चों को सेवाएं देनी पड़ रही हैं। ग्रामीणों ने सरकार से कोसली में अलग-अलग आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए सरकारी भवनों का निर्माण करवाने की मांग की है।
शुक्रवार को कोसली में आयोजित विशेष ग्राम सभा में पहुंचीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन उपलब्ध करवाने को लेकर कई बार प्रस्ताव भी दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद पिछले 10 वर्षों से नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए राशि उपलब्ध नहीं करवाई गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में छोटे बच्चों को रखा जाता है, ऐसे में जर्जर भवनों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कोसली में प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए अलग और सुरक्षित भवन का निर्माण करवाया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जर्जर भवनों की समस्या का समाधान नहीं किया गया और इन्हीं भवनों में आंगनबाड़ी केंद्र चलते रहे तो आने वाले समय में परिवार अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजने से भी परहेज कर सकते हैं।
विशेष ग्राम सभा में आंगनबाड़ी कर्मचारी सरिता, नितेन्द्रा, सरोज, बबिता, नविता, भागोती, ज्ञानवती, लाली और प्रमिला,ओमप्रकाश डाबला पंच, कृष्ण यादव,पंच, ओमबीर पंच, अनील पंच, आदित्य पंच, कैप्टन कर्मसिंह पंच, पुष्पा पंच, सुमन पंच सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सरकार से जल्द से जल्द नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण के लिए बजट जारी करने की मांग की।
Haryana, India | Oct 2, 2026