
BREAKING NEWS
भ्यामल खेड़ा पर स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर विशाल पंचायत आयोजित, 30 सदस्यीय कमेटी गठित
क्षेत्रीय युवाओं के खेल विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए भ्यामल खेड़ा की भूमि पर स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के बुजुर्गों और युवाओं ने एक स्वर में अपनी बात रखते हुए कहा कि भ्यामल खेड़ा की जमीन उनके पूर्वजों द्वारा मंदिर को दान में दी गई थी। सभी ग्रामीणों का मानना है कि यह स्थान सभी आसपास के गांवों के केंद्र में है और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा विकास के लिए स्टेडियम का निर्माण इसी स्थान पर होना चाहिए। पंचायत का संचालन भाजपा जिला संयोजक चौधरी दिगंबर सिंह ने किया। लोगों ने कहा कि वर्तमान में पाइंदापुर के शंकर लहरी खेड़ा में प्रस्तावित स्टेडियम की दूरी अधिक होने के कारण वह सभी युवाओं की आसान पहुंच में नहीं है। ऐसे में भ्यामल खेड़ा ही स्टेडियम के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है।
कार्यक्रम के दौरान इगलास विधायक राजकुमार सहयोगी भी पंचायत में पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्टेडियम का निर्माण गोंडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत पाइन्दापुर में बीते वर्ष से ही प्रस्तावित है। युवाओं और ग्रामीणों ने भ्यामल खेड़ा के महत्व और अपनी मांगों के पक्ष में तर्क रखे, तो विधायक ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने ग्रामीणों को पूर्ण आश्वासन देते हुए कहा कि वे युवाओं की इस मांग के साथ हैं। यदि वे मंदिर के महंत से वार्ता कर भूमि उपलब्ध करा देते हैं, तो वे स्टेडियम का निर्माण भ्यामल खेड़ा पर ही करवा देंगे।
उधर पंचायत में आगामी रणनीति तैयार करने के लिए सर्वसम्मत से 30 सदस्यों की एक समिति का गठन किया गया। इस कमेटी में 11 युवा, क्षेत्र के 11 वरिष्ठ नागरिक और पूर्व सैनिक संगठन से 8 सदस्य शामिल किए गए हैं। समिति ने निर्णय लिया है कि रक्षाबंधन पर्व के तुरंत बाद मंदिर महंत से मुलाकात कर स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि की मांग की जाएगी, ताकि क्षेत्र के युवाओं को इसका समुचित लाभ मिल सके। इस दौरान भाजपा जिला संयोजक चौ दिगंबर सिंह , पुष्पेंद्र सिंह, नरेंद्र चौधरी, सुनील चौधरी रजावल, नीरज चौधरी, डा दुर्गेश कुमार, किशनवीर सिंह, सत्यवीर सिंह सत्तो , राकेश प्रधान, पिंटू प्रधान, विजय सिंह, हरेन्द्र सिंह, बनवारी लाल, हरीराज सिंह, गोपाल सिंह, हरीश पाठक, शिवकुमार, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, ओमप्रकाश सिंह पूर्व प्रधान,सतेन्द्र सिंह, बबलू सिंह, हरेन्द्र सिंह, अशोक कुमार आदि सहित सैकडों लोग उपस्थित रहे
Koil, Aligarh | Aug 26, 2026