
मुड़ेरा किन्नर सिंह में कार की टक्कर से घायल पांच वर्षीय बच्चे का इलाज जारी, अब मुकदमा दर्ज
मंगलपुर थाना क्षेत्र के मुड़ेरा किन्नर सिंह गांव में घर के बाहर सड़क किनारे खड़े पांच वर्षीय बच्चे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुड़ेरा किन्नर सिंह गांव निवासी अश्वनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 सितंबर 2026 की सुबह वह अपने पांच वर्षीय बेटे अर्नव के साथ घर से बाहर निकल रहे थे। उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान सुरासी की ओर से आ रही एक कार के चालक ने उनके बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अर्नव गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में घायल बच्चे को झींझक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मंगलपुर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार यादव ने मंगलवार शाम छह बजे बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।