हरदोई पुलिस ने वायरल दुष्कर्म की खबर को बताया फर्जी, अफवाह फैलाने वाले पर दर्ज हुआ मुकदमा
हरदोई पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही "जनपद हरदोई में एक नाबालिग लड़की के साथ 32 लोगों ने दुष्कर्म किया" संबंधी खबर का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह असत्य, तथ्यहीन और भ्रामक बताया है।
पुलिस के अनुसार, जनपद हरदोई में इस प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही खबर पूरी तरह झूठी है और लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से फैलाई जा रही है।
हरदोई पुलिस ने बताया कि भ्रामक खबर का प्रचार-प्रसार करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध थाना बिलग्राम में मुकदमा अपराध संख्या 302/2026, धारा 353(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने भी इस मामले में लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक या फर्जी खबर को सोशल मीडिया पर साझा न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Bilgram, Hardoi | Jul 10, 2026