
बृज नगर-सिकरी में भाजपा की राह हुई आसान, निर्विरोध अध्यक्ष लगभग तय
नामांकन वापसी के बाद बदली तस्वीर: बृज नगर में भानु सोनी तो सिकरी में चंचल कक्कड़ का निर्विरोध निर्वाचन तय
नगर। नगर निकाय चुनाव के बाद बृज नगर और सिकरी पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी हलचल अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। नामांकन वापसी के साथ ही दोनों नगर पालिकाओं में भाजपा के अध्यक्षों के निर्विरोध निर्वाचन की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने सोशल मीडिया के जरिए दोनों पालिकाओं में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
बृज नगर में यादराम पटवा ने लिया नामांकन वापस
बृज नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले यादराम पटवा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने पटवा के नामांकन वापस लेने पर उनका आभार जताते हुए बधाई दी।
नामांकन वापसी के बाद भानु सोनी का बृज नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। इसकी औपचारिक घोषणा शुक्रवार दोपहर 3 बजे की जाएगी।
बेढम ने कहा कि बृज नगर के मतदाताओं ने चुनाव में बड़े प्रेम और उत्साह के साथ मतदान किया है। उन्होंने कहा कि वे सभी नवनिर्वाचित पार्षदों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे और शहरवासियों की राय लेकर बृज नगर के विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।
सिकरी में भी खत्म हुआ मुकाबला
उधर, सिकरी पालिका में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान भी नामांकन वापसी के साथ खत्म हो गई। बेढम के अनुसार, अध्यक्ष पद की दावेदार राधा खंडेलवाल ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
बेढम ने बताया कि राम खंडेलवाल ने पांच पार्षदों के साथ समर्थन दिया, जिसके लिए उन्होंने आभार जताया। नामांकन वापसी के बाद चंचल कक्कड़ का सिकरी पालिका अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी घोषणा की जाएगी।
अब औपचारिक घोषणा का इंतजार
बृज नगर और सिकरी दोनों नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापसी के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। अब दोनों जगह निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने दोनों कस्बों के मतदाताओं, नवनिर्वाचित पार्षदों और शहरवासियों का आभार जताया।