न्यूज़ देशआदेश चांदनी के अंबोण में गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला
देशआदेश
चांदनी पंचायत के अंबोण गांव में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिलेंडर विस्फोट इतना जोरदार था कि उसके परखचे उड़ गए और घर को भी नुकसान पहुंचा।
स्थानीय पंचायत प्रधान यशपाल ठाकुर तथा अधिवक्ता हर्ष तोमर ने बताया कि यह घटना अत्तर सिंह के घर में हुई।
जानकारी के अनुसार उज्ज्वला योजना के तहत लिया गया रसोई गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय घर के सभी सदस्य समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि विस्फोट से घर के सामान और भवन को नुकसान पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता प्रदान करने की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। प्रशासन द्वारा घटना के कारणों की जांच की जा रही है।