
ज्वालामुखी में 264 ग्राम चरस सहित युवक गिरफ्तार, नशा तस्करी के खिलाफ देहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
'नशा मुक्त हिमाचल अभियान' के तहत पुलिस थाना ज्वालामुखी की छापेमारी, आरोपी के घर से बरामद हुई चरस
देहरा ।। News123 ।। देहरा पुलिस जिला के अंतर्गत चलाए जा रहे "नशा मुक्त हिमाचल अभियान" के तहत पुलिस थाना ज्वालामुखी ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 264 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि ज्वालामुखी निवासी राहुल शर्मा (25) के कब्जे में मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 264 ग्राम चरस बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा चरस के स्रोत, आपूर्ति नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस जिला देहरा ने आमजन से नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस के साथ साझा करने की अपील की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।