
# कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर बड़ा हादसा टला: खाई में गिरी जीएमओयू की बस, पेड़ पर अटकी; 30 यात्रियों की जान बची
**प्रेशर पाइप फटने से अनियंत्रित हुई बस, एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें; पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला**
**कोटद्वार।** कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुमखाल से पहले भदालीखाल के पास गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (जीएमओयू) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस खाई में एक पेड़ से टकराकर अटक गई, जिससे उसमें सवार चालक समेत करीब 30 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। हादसे में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, जीएमओयू की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस को कोटद्वार निवासी अशोक ममगाईं चला रहे थे। दुगड्डा से आगे गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस पीछे खिसकते हुए बाईं ओर खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बस के पेड़ पर अटकने से यात्रियों को समय रहते निकाल लिया गया। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। हाईवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यातायात के दौरान सतर्कता और वाहनों की तकनीकी स्थिति दुरुस्त रखने की अहमियत को सामने ला दिया है।