
एनएच-227 पर बाइक और सीएनजी मालवाहक ऑटो की आमने-सामने टक्कर, पिता की मौत, पत्नी और पुत्र घायल; पुत्र रेफर
सुरसंड (सीतामढ़ी): सुरसंड थाना क्षेत्र के बनौली और हरारी दुलारपुर गांव के बीच धमकाटा के निकट एनएच-227 पर मंगलवार को बाइक और सीएनजी मालवाहक ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय रामबाबू राउत की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुनीता देवी और 14 वर्षीय पुत्र धीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पुत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुरसंड नगर पंचायत के वार्ड संख्या-15 स्थित महारानी स्थान निवासी रामबाबू राउत अपने पुत्र धीरज कुमार के साथ इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुरसंड की ओर से सीतामढ़ी जा रहे सीएनजी मालवाहक ऑटो से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में रामबाबू राउत की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुनीता देवी और पुत्र धीरज कुमार घायल हो गए।
घटना के बाद सीएनजी मालवाहक ऑटो का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।