
रामलला की बाल लीलाओं के प्रसंग सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
बक्सर । डुमराँव प्रखंड के कोपवा काली मां मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा के चौथे दिन भक्तिरस की अविरल धारा बहती रही। कथावाचक पंडित मधुसूदन ने भगवान श्रीराम के जन्म एवं उनकी बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के व्यक्तित्व में बाल्यकाल से ही आज्ञाकारिता, संयम, करुणा, विनम्रता और आदर्श चरित्र के गुण विद्यमान थे। उन्होंने बताया कि श्रीराम का जीवन मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्शों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है।
संगीतमय कथा प्रस्तुति और भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। देर शाम तक कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान रहा।
कथा के संयोजक एवं भोजपुरी गायक अंकित ओझा ने बताया कि सात दिवसीय श्रीराम कथा के अंतर्गत 13 जून को रात्रि 8 बजे से देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं 14 जून को अमावस्या के शुभ अवसर पर प्रतिमाह आयोजित होने वाली 51वीं सामूहिक आरती संपन्न होगी, जिसके बाद भंडारे के साथ कथा महोत्सव का समापन किया जाएगा।
Buxar, Buxar | Jun 13, 2026