
धान की बेहन चराने के विवाद में खूनी तांडव, कुल्हाड़ी-कटवासे से दंपति पर जानलेवा हमला
घर में घुसकर बरसाए लाठी-डंडे, चार लोग घायल; शिकायत पर पूरे परिवार को जिंदा जलाने की धमकी
यूनाइटेड भारत बारा मनोज कुमार बिन्द
बारा, प्रयागराज। थाना बारा क्षेत्र के सिरवैया गांव में धान की बेहन चराने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद मंगलवार की रात खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि दर्जनभर से अधिक लोग लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और कटवासे से लैस होकर एक परिवार के घर में घुस गए और दंपति समेत चार लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल दंपति को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पीड़ित अनिल कुमार पुत्र राजकुमार सोनकर के अनुसार मंगलवार सुबह बकरियों द्वारा धान की बेहन चराए जाने को लेकर गांव के कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में रात करीब साढ़े आठ बजे पुन्नीलाल, वीरेंद्र, बेटू, विष्णु, गूंगे का भांजा तथा अन्य लोग उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि अनिल के पिता राजकुमार पर कुल्हाड़ी और कटवासे से ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी हमलावर उन पर लाठियां बरसाते रहे।
पति को बचाने पहुंचीं सुधा देवी को भी नहीं छोड़ा गया। उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे अनिल कुमार और उनकी बहन को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे भी घायल हो गए।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर खुलेआम धमकी देते हुए फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जिंदा जलाकर खत्म कर दिया जाएगा। इस धमकी के बाद परिवार भय और दहशत में है।
सूचना मिलते ही बारा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसरा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजकुमार और सुधा देवी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना के बाद सिरवैया गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक बारा संजय कुमार राय ने बताया कि मामले में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Bara, Allahabad | Jun 18, 2026