
पिपराही पशु अस्पताल में चिकित्सक अनुपस्थित,जिला पशुपालन पदाधिकारी ने दी कार्रवाई की चेतावनी,
शिवहर/पशु चिकित्सा सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला पशुपालन पदाधिकारी मो. फतेहुज्जमा लगातार पशु चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में पिपराही स्थित पशु चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिलीप कुमार झा अनुपस्थित पाए गए। हालांकि, अस्पताल के अन्य कर्मी उपस्थित थे। वहीं, मोबाइल वेटेरिनरी एम्बुलेंस के पशु चिकित्सक एवं चालक ड्यूटी पर उपस्थित मिले एवं प्राइवेट कर्मी अनुपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और कर्मियों की उपस्थिति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले के सभी पशु अस्पतालों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बिना सूचना के कार्यालय से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों और कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि समय पर चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण पशुपालकों को मवेशियों के इलाज में परेशानी हो रही है, जिसकी शिकायतें लगातार विभाग को मिल रही हैं। जिला पशुपालन पदाधिकारी ने सभी चिकित्सकों एवं कर्मियों को समय पर उपस्थित होकर पशुपालकों को बेहतर सेवा देने का निर्देश दिया।