
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र के रुचाप गांव में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार और उससे जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने चांडिल थाना के एएसआई यमुना राम को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार रुचाप गांव निवासी सोमवारी मुंडा ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ को आवेदन देकर एएसआई यमुना राम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि एएसआई उनके भांजे बलराम सिंह मुंडा को पकड़कर थाना ले जाने के लिए गांव पहुंचे थे. महिला के अनुसार जब उन्होंने अपने भांजे को ले जाने का विरोध किया, तो एएसआई ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया. सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई यमुना राम को तत्काल पुलिस लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया. पुलिस विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
Namkum, Ranchi | Jun 13, 2026