
ओटू हेड के पास ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, आधा किलोमीटर तक घसीटा
ट्रैक्टर-ट्रॉली का हिस्सा क्षतिग्रस्त, चालक बाल-बाल बचा; ट्रक चालक मौके से फरार
सिरसा।
रानिया क्षेत्र में ओटू हेड के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ट्रैक्टर को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार भंभूर गांव निवासी सचिन ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर ओटू गांव जा रहा था। उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे रोक रखा था और ईंटें मंगवाने वाले व्यक्ति के घर का पता पूछ रहा था। इसी दौरान रानिया की ओर से आ रहे एक ट्रक ने पीछे से उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक ट्रैक्टर को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका एक हिस्सा पूरी तरह टूट गया। ट्रैक्टर चालक सचिन ने आशंका जताई कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, इस हादसे में किसी के हताहत न होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
Sirsa, Sirsa | Jun 18, 2026